आगरा एनकाउंटर: कौन था अमन यादव, जिसने ज्वेलर की हत्या की और पुलिस की गोली से मारा गया

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में ज्वेलरी शॉप के मालिक की हत्या में वांछित कुख्यात अपराधी अमन यादव को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

May 6, 2025 - 09:13
 0
आगरा एनकाउंटर: कौन था अमन यादव, जिसने ज्वेलर की हत्या की और पुलिस की गोली से मारा गया

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में ज्वेलरी शॉप के मालिक की हत्या में वांछित कुख्यात अपराधी अमन यादव को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बीते शुक्रवार को ज्वेलर योगेश चौधरी की हत्या के बाद यह मामला शहर भर में चर्चा का विषय बन गया था। पुलिस को चार दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद अमन का सुराग मिला और मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया गया।

मंगलवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि अमन यादव शहर में ही छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन खुद को फंसा देख अमन ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना बीते शुक्रवार की सुबह की है जब आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में स्थित कारगिल चौराहे पर बालाजी ज्वेलर्स में दो नकाबपोश बदमाश घुसे। उन्होंने पहले महिला कर्मचारी को हथियार के बल पर बंधक बनाया और शोरूम में लूटपाट शुरू कर दी। उसी दौरान शोरूम के मालिक योगेश चौधरी (उम्र 55 वर्ष) वहां पहुंचे और बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। तभी एक आरोपी ने उनके सीने में गोली मार दी और दोनों बदमाश करीब 10 लाख रुपये की ज्वैलरी और नकदी लूटकर भाग गए। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई थी।

पुलिस पर बना दबाव और कार्रवाई

इस जघन्य अपराध के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। व्यापारी संगठनों और आम लोगों ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस पर बढ़ते दबाव के बीच जांच तेज की गई। तकनीकी साक्ष्य और निगरानी के आधार पर अमन यादव की पहचान हुई और मंगलवार सुबह उसका एनकाउंटर कर दिया गया। फिलहाल वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दूसरा अपराधी भी पकड़ा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0