Ballia News: पुलिस मुठभेड़ में दो हत्यारोपी गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली, तीसरा आरोपी फरार

बलिया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो हत्यारोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार। तीसरा आरोपी फरार, पुलिस की सघन तलाश जारी। दोनों पर 15-15 हजार का इनाम था घोषित।

Oct 12, 2025 - 10:18
 0
Ballia News: पुलिस मुठभेड़ में दो हत्यारोपी गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली, तीसरा आरोपी फरार

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपी राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धूरन सिंह और अंगद कुमार गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उनका तीसरा साथी निरंजन सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

यह कार्रवाई एसपी ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर के अनुसार, गड़वार पुलिस टीम शनिवार रात रामपुर असली मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन युवक बाइक से वहां पहुंचे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें घेरा, इस दौरान उनकी बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी घायल हो गए।

पुलिस की आत्मरक्षा में चली गोली से धूरन सिंह के दाहिने पैर और अंगद कुमार के बाएं पैर में गोली लगी। मौके से दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचा, कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी 28 सितंबर की रात त्रिकालपुर में एजाजुल हक की टेंट हाउस की दुकान पर हमला करने में शामिल थे। हमले में एजाजुल हक को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसी मामले में धूरन सिंह पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फरार आरोपी निरंजन सिंह की तलाश में पुलिस ने इलाके में सघन कांबिंग शुरू कर दी है। एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0