भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने किया बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार, बताई बड़ी वजह
भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर खुद बताई बड़ी वजह।

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। हाल ही में भाजपा में उनकी वापसी के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह इस बार चुनावी मैदान में उतर सकते हैं, लेकिन उन्होंने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
पवन सिंह ने साफ किया अपना रुख
पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने भोजपुरिया समाज को संबोधित करते हुए कहा कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने लिखा, “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज से बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी जॉइन नहीं की थी और न ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”
मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूँ कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और नाहीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है |
मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूँ और रहूँगा। pic.twitter.com/reVNwocoav — Pawan Singh (@PawanSingh909) October 11, 2025
लोकसभा चुनाव में दिखा था राजनीतिक प्रभाव
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भाजपा ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव नहीं लड़ा। इसके बाद उन्होंने बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। हालांकि वे जीत नहीं पाए, लेकिन करीब 2.74 लाख वोट हासिल कर उन्होंने अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई थी।
भाजपा में दोबारा वापसी के बाद बढ़ी थीं अटकलें
हाल ही में पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनके फिर से भाजपा में सक्रिय होने की पुष्टि हुई थी। माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें आरा या शाहाबाद क्षेत्र की किसी सीट से उम्मीदवार बना सकती है, लेकिन पवन सिंह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल किसी भी चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे और संगठन के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
What's Your Reaction?






